दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू ने शनिवार को बिल्हा से दुर्ग तक रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया. इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों और रायपुर व दुर्ग रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की प्रगति की समीक्षा की गई.
निरीक्षण की शुरुआत बिल्हा स्टेशन से हुई. इसके बाद उन्होंने निपानिया, भाटापारा, हथबंद, तिल्दा-नेवरा, भिलाई पावरहाउस और भिलाई नगर स्टेशन का जायजा लिया. अधिकारियों को स्वीकृत नक्शे और डिजाइन के अनुसार काम तय समयसीमा में पूरा करने तथा निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए.
यात्री सुविधाओं और रखरखाव पर जोर
साहू ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए और स्टेशन तक आने-जाने के रास्ते सुगम बने रहने चाहिए. उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत तैयार हो चुके उरकुरा, सरोना और भिलाई स्टेशनों का भी निरीक्षण किया. यहां उपलब्ध यात्री सुविधाओं और उनके रखरखाव की स्थिति देखी गई. अधिकारियों से सभी सुविधाओं को नियमित रूप से चालू रखने को कहा गया.
रायपुर स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वारों की समीक्षा
रायपुर स्टेशन पर सिटी साइड और गुढ़ियारी साइड के दोनों प्रवेश द्वारों पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया. भविष्य में रेल परिचालन की जरूरतों, सुविधाओं की शिफ्टिंग और यात्रियों के प्रवेश-निकास की व्यवस्था पर भी अधिकारियों से चर्चा हुई.
निरीक्षण के दौरान रायपुर रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल, बिलासपुर मुख्यालय और मंडल के संबंधित अधिकारी तथा गति शक्ति यूनिट के मुख्य परियोजना प्रबंधक मौजूद रहे.
