बिलासपुर जिले के बिल्हा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सेवार में अस्थायी गौठान में पांच गायों की मौत के बाद प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग ने जांच शुरू कर दी है. ग्रामीणों ने गौठान में चारे-पानी की कमी और बीमार मवेशियों को समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया है.

पशु चिकित्सा विभाग की डॉ. प्रेमलता पटेल के नेतृत्व में टीम ने गौठान का निरीक्षण किया. टीम ने मौके की स्थिति का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों के बयान दर्ज किए. गौठान में मौजूद अन्य मवेशियों के स्वास्थ्य की भी जांच शुरू की गई है.

ग्रामीणों के अनुसार, फसल को नुकसान से बचाने के लिए आपसी सहमति से भाठा क्षेत्र में बेसहारा गोवंश के लिए अस्थायी बाड़ा बनाया गया था. इसकी देखरेख पंचायत और ग्रामीणों की जिम्मेदारी बताई गई थी. ग्रामीणों का दावा है कि बीमार गायें सुबह से परेशान थीं, लेकिन शाम तक कोई चिकित्सक मौके पर नहीं पहुंचा. पंचायत प्रतिनिधियों को भी घटना की सूचना मिलने में कथित तौर पर करीब दो घंटे की देरी हुई.

जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गायों की मौत भूख-प्यास, बीमारी या किसी अन्य कारण से हुई. इसके आधार पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है.

छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के बिलासपुर जिला अध्यक्ष धीरेंद्र दुबे ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है. उन्होंने बताया कि निष्पक्ष जांच के लिए टीम भेजी गई है और बीमार गोवंश के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं. उनके अनुसार, जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.