बिरकोनी ग्रामीण अंचल में छत्तीसगढ़ी लोकपर्व पोरा पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. किसानों ने खेती-किसानी का काम बंद रखकर कृषि कार्यों में सहयोग देने वाले मवेशियों और पशुधन के प्रति आभार जताया. ग्रामीणों ने कुल देवी-देवताओं की पूजा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की.

परिवारों ने सुबह 10 बजे तक घरों में मिट्टी से बने नंदिया यानी नंदीश्वर बैल की पूजा की. पूजा में नारियल, फूल और अक्षत चढ़ाए गए. किसानों ने अपने मवेशियों की आरती उतारी और चावल से बने पकवानों का भोग लगाया.

बच्चों के लिए खरीदे गए मिट्टी के बैलों की भी विशेष पूजा की गई. बच्चों ने इन बैलों को राखियों और तिरंगे से सजाया. पूजा के बाद वे मिट्टी के बैलों को लेकर गलियों में दौड़ाते रहे और दिनभर खेल का आनंद लिया.

पकवानों से सजीं पोरा की थालियां

पर्व के अवसर पर घरों में चावल के आटे से चीला रोटी, ठेठरी, खुरमी और अन्य पारंपरिक पकवान बनाए गए. भगवान और नंदीश्वर को भोग लगाने के बाद परिवारों ने साथ बैठकर भोजन किया.

ग्राम खरोरा में भी ग्रामीणों और किसानों ने मिट्टी से बने नंदिया बैलों की विधि-विधान से पूजा की. पोरा पर्व खेती और पशुधन से जुड़ी लोकपरंपरा के रूप में आज भी ग्रामीण जीवन में उत्साह और आभार का भाव बनाए हुए है.