छत्तीसगढ़ के बिश्रामपुर में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके नाबालिग बेटे सुजल बरेठ की हत्या के पांच दिन बाद भी पुलिस को मामले में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. पुलिस की विशेष टीम कई बिंदुओं पर जांच कर रही है और वरिष्ठ अधिकारी इसकी निगरानी कर रहे हैं.

पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल बिश्रामपुर थाने में कैंप कर विवेचना की प्रगति पर नजर रख रहे हैं. बुधवार को आईजी दीपक झा भी थाने पहुंचे और अधिकारियों से मामले की जानकारी लेकर जांच की समीक्षा की. उन्होंने जांच से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के अलावा आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण भी किया जा रहा है. पुलिस ने कुछ संदिग्धों से पूछताछ की है और शिक्षिका के परिचितों तथा उनके संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.

अब तक पुलिस की ओर से किसी आरोपी की गिरफ्तारी या मामले के खुलासे की सूचना नहीं दी गई है. अधिकारियों के अनुसार जांच में सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

संगठनों ने एसपी को सौंपे ज्ञापन

मामले का खुलासा नहीं होने पर धोबी समाज, छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडलों ने पुलिस अधीक्षक को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे. इन संगठनों ने निष्पक्ष और त्वरित जांच के साथ आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.

धोबी समाज ने वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में विशेष टीम गठित करने और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कराने की मांग रखी. प्रतिनिधिमंडल ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल ट्रेसिंग और संभावित साजिश समेत सभी पहलुओं की जांच पर जोर दिया. समाज ने उचित कार्रवाई नहीं होने पर उच्चाधिकारियों और शासन के समक्ष मामला उठाने तथा धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी.

टीचर्स एसोसिएशन ने शिक्षक समुदाय और स्थानीय नागरिकों में असुरक्षा की भावना का हवाला देते हुए पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता देने तथा जांच की प्रगति से परिवार को नियमानुसार अवगत कराने का आग्रह किया. कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने घटनास्थल, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों की बारीकी से जांच कर दोष सिद्ध होने पर कानून के तहत कार्रवाई की मांग की.