बिलासपुर में दर्ज ब्लैकमेलिंग और कथित धोखाधड़ी के मामलों की जांच में पुलिस ने कोमल प्रसाद चौबे को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, चौबे को रायपुर के गोगांव के पास सोनडोंगरी इलाके से पकड़ा गया. वह ‘द हनी बैजर’ नामक न्यूज पोर्टल से जुड़ा बताया गया है.

यह कार्रवाई होटल कारोबारी और वेब पोर्टल संचालक दीपक टंडन तथा उसकी पत्नी बरखा टंडन की गिरफ्तारी के बाद हुई है. पुलिस अब कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग, आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने और वसूली से जुड़े मामलों में डिजिटल साक्ष्यों, वित्तीय लेन-देन और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

AI-एडिटेड तस्वीरों से जुड़ी शिकायत

मामले की शुरुआत सिरगिट्टी थाने में दर्ज शिकायत से हुई. ‘राष्ट्रीय जगत विजन’ ग्रुप के प्रबंध संपादक मनीशंकर पांडे ने 29 अक्टूबर को शिकायत दी थी. शिकायत के मुताबिक, उनकी तस्वीरों में AI तकनीक के जरिए बदलाव कर ‘द हनी बैजर’ पोर्टल और सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक खबरें प्रसारित की गईं. आरोप है कि इसके जरिए उनकी छवि खराब करने और दबाव बनाकर अवैध वसूली की कोशिश की गई.

पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित एक अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था. इसके बाद से कोमल चौबे फरार बताया जा रहा था.

सात डायरियां और तीन मोबाइल फोन जब्त

जांच के दौरान पुलिस ने रायपुर के VIP रोड स्थित होटल ‘वेलकम श्री’ और दीपक टंडन के आवास से दस्तावेज, तीन मोबाइल फोन और सात डायरियां बरामद करने की जानकारी दी है. पुलिस इन उपकरणों और दस्तावेजों में मौजूद चैट, संपर्कों तथा वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है. डायरियों में दर्ज कथित लेन-देन और उनसे जुड़े लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और सक्ती समेत अलग-अलग जिलों में ठगी, ब्लैकमेलिंग और अन्य आरोपों से जुड़े मामलों की जानकारी सामने आई है. इनमें सरकारी नौकरी, कोयला परिवहन, सरकारी ठेके, जमीन, रेस्टोरेंट और लग्जरी वाहन सौदों के नाम पर रकम लेने के आरोप शामिल हैं. इन सभी आरोपों में संबंधित पक्षों का अंतिम दोष अदालत के निर्णय के बाद ही तय होगा.