रायगढ़ जिले के बोतल्दा रॉक गार्डन में दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं. बुधवार को SDOP खरसिया सतीश कुमार भार्गव ने पुलिस टीम के साथ गार्डन का औचक निरीक्षण किया और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान थाना खरसिया, चौकी और पुलिस लाइन का बल मौजूद रहा. SDOP ने पुलिस जवानों और गार्डन में तैनात वनकर्मियों के साथ पूरे परिसर का भ्रमण किया. उन्होंने सार्वजनिक स्थल पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए.
हर पर्यटक का विवरण रजिस्टर में दर्ज होगा
वनकर्मियों को निर्देश दिया गया कि गार्डन में आने वाले प्रत्येक पर्यटक का नाम और पूरा विवरण प्रवेश रजिस्टर में दर्ज किया जाए. किसी भी व्यक्ति को शराब, नशीली सामग्री या अन्य संदिग्ध और प्रतिबंधित वस्तु के साथ परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
SDOP ने परिसर में लगातार पेट्रोलिंग करने और किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा. उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारी को पत्र लिखने की चेतावनी भी दी. पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के औचक निरीक्षण की बात भी कही गई.
दुकानदारों को भी चेतावनी
SDOP ने गार्डन के प्रवेश द्वार के बाहर संचालित दुकानों का निरीक्षण किया. दुकानदारों को शराब या किसी भी तरह की नशीली सामग्री नहीं बेचने की सख्त हिदायत दी गई. ऐसी गतिविधि मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
निरीक्षण के दौरान तैनात पुलिस जवानों ने गार्डन में आने-जाने वाले पर्यटकों की गतिविधियों पर नजर रखी.
