भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के निजीकरण और अडानी समूह द्वारा इसे खरीदे जाने की चर्चाओं को संयंत्र प्रबंधन ने झूठा और भ्रामक बताया है. प्रबंधन के अनुसार, सोशल मीडिया और कुछ प्रिंट माध्यमों में इस तरह की खबरें प्रसारित की जा रही थीं.

BSP के बयान में कहा गया है कि इस्पात मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इन दावों का खंडन किया है. प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक टीम ने भी निजीकरण से जुड़ी खबरों को गलत बताया है.

राजनीतिक बयानों के बाद बढ़ा विवाद

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 14 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अडानी समूह के प्रतिनिधियों के BSP दौरे की संभावना पर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि BSP छत्तीसगढ़ की पहचान और भावनाओं से जुड़ा है तथा इसे किसी भी स्थिति में बिकने नहीं दिया जाएगा.

भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने भी संयंत्र के निजीकरण का विरोध किया था. उन्होंने कहा था कि BSP केवल एक कारखाना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान है. यादव ने अंबानी-अडानी को संयंत्र खरीदने नहीं देने और इसके लिए आखिरी समय तक संघर्ष करने की बात कही थी.

इसके जवाब में वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन ने कांग्रेस नेताओं से निजीकरण से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने को कहा था. उन्होंने आरोपों को अफवाह बताया और कहा था कि यदि BSP को किसी निजी कंपनी को बेचने की कोशिश हुई तो वे खुद विरोध में धरने पर बैठेंगे. सेन ने भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के घर के बाहर धरना देने की बात भी कही थी.

गैस सप्लाई समझौते को लेकर बनी धारणा

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, BSP और अडानी टोटल गैस लिमिटेड के बीच पाइप से प्राकृतिक गैस (PNG) की आपूर्ति के लिए समझौता हुआ है. इसका उद्देश्य संयंत्र और टाउनशिप तक गैस पहुंचाना बताया गया है. दोनों कंपनियों के बीच 16 जुलाई 2026 को समझौता ज्ञापन (MoU) होने की बात कही गई है. इसी समझौते से जुड़े अधिकारियों के संभावित दौरे को निजीकरण की चर्चाओं से जोड़ा गया.

भूपेश बघेल ने रिकेश सेन से केंद्र सरकार की सूची में नगरनार और भिलाई स्टील प्लांट की स्थिति पहले स्पष्ट करने को कहा. उन्होंने कहा कि मुद्दा नेताओं के घर के बाहर प्रदर्शन का नहीं, बल्कि सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों की सुरक्षा का है.