रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 16 नवंबर को जशपुर और बिलासपुर के दौरे पर रहेंगे. दौरे की शुरुआत जशपुर जिले के कुनकुरी से होगी, जहां वे छठ महापर्व के कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके अलावा मुख्यमंत्री विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे.
इसके बाद मुख्यमंत्री बिलासपुर पहुंचेंगे. यहां वे भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ राष्ट्रीय संगोष्ठी में शामिल होंगे. सेंदरी में धान उपार्जन केंद्र और निर्माणाधीन सीबीसी प्लांट का निरीक्षण भी उनके कार्यक्रम में शामिल है.
साय लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे. इसके बाद पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग और डेटा सेंटर का लोकार्पण करेंगे. कार्यक्रमों के बाद उनके शाम 4:50 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचने का कार्यक्रम है.
रायपुर में भाजपा महिला मोर्चा की बैठक
भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक 16 नवंबर से रायपुर के जैमन मानस भवन में शुरू होगी. बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी समेत प्रदेशभर से 500 से अधिक महिला नेत्रियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव बैठक में मार्गदर्शन देंगे. 17 नवंबर को मुख्यमंत्री साय की मौजूदगी में बैठक का समापन प्रस्तावित है.
सुखदेव भगत का तीन दिवसीय दौरा
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत 16 से 18 नवंबर तक छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे. वे सरगुजा संभाग में कोयला खदानों से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे और परसा, केते बासन तथा तारा कोल ब्लॉक प्रभावितों से संवाद करेंगे. ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत बूथ स्तर पर जन-चौपाल भी आयोजित की जाएगी. दौरे में जल, जंगल और जमीन से जुड़े आदिवासी मुद्दों पर फोकस रहेगा. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज उनके साथ रहेंगे.
छठ महापर्व का समापन
छत्तीसगढ़ समेत देशभर में 16 नवंबर को छठ महापर्व का समापन होगा. 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पारण करेंगे. रायपुर में महादेव घाट, व्यास तालाब समेत 50 से अधिक स्थानों पर पूजा का आयोजन किया गया है.
