छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 20 सितंबर को दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर जाएंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 9:50 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर 10:10 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे. सुबह 10:40 बजे विमान से भुवनेश्वर के लिए प्रस्थान और 11:45 बजे वहां पहुंचने का कार्यक्रम है.
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री लिंगराज मंदिर और पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करेंगे. शाम को वे श्रीमद्भागवत कथा स्थल जाएंगे और पुरी के एक निजी होटल में रात्रि विश्राम करेंगे. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ उनकी बैठक भी प्रस्तावित है. इसमें महानदी जल विवाद के समाधान समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की बात कही गई है. मुख्यमंत्री के सोमवार को दोपहर करीब 1:25 बजे रायपुर लौटने का कार्यक्रम है.
रायपुर में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण
रायपुर संभाग के कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 सितंबर से रायपुर के प्रतिष्ठा मांगलिक भवन में शुरू होगा. कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से आयोजित किया जाएगा और 22 सितंबर तक चलेगा. इससे पहले बस्तर, दुर्ग, सरगुजा और बिलासपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण हो चुका है. वरिष्ठ कांग्रेस नेता संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देंगे.
चक्रधर समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम
रायगढ़ में 41वें चक्रधर समारोह की सांस्कृतिक संध्या शाम 4:45 बजे से शुरू होगी. इसमें कथक, शास्त्रीय नृत्य और ओडिशा की पारंपरिक गोटीपुआ नृत्य शैली की प्रस्तुतियां होंगी. इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ का 10 सदस्यीय दल और पद्मश्री पंडित रामलाल बरेठ के निर्देशन में कथक प्रस्तुति देंगे. रात 9 बजे इंडियन आइडल फेम अमित साना अपने 10 सदस्यीय संगीत दल के साथ कार्यक्रम पेश करेंगे.
रायपुर में विमलनाथ जैन मंदिर ट्रस्ट और अद्भुत चातुर्मास समिति की ओर से पारणा महोत्सव भी होगा. कार्यक्रम सुबह 8 बजे से शुरू होगा, जबकि 108 जोड़ों द्वारा 20 स्थानक पूजा सुबह 9:30 बजे से प्रस्तावित है. इसके अलावा महाराष्ट्र मंडल में शाम 7 बजे हिंदी नाटक ‘गगन की ओर निशाना’ और दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में सुबह 5:30 बजे श्रावक संस्कार शिविर आयोजित किया जाएगा.
