छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के नियमित विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाओं और प्रोजेक्ट वर्क का कार्यक्रम जारी किया है. बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, प्रैक्टिकल परीक्षाएं और परियोजना कार्य 1 जनवरी से 20 जनवरी 2027 तक संबंधित स्कूलों में आयोजित किए जाएंगे.

बाहरी और आंतरिक परीक्षक की व्यवस्था

प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए बाहरी परीक्षक की नियुक्ति बोर्ड करेगा. आंतरिक परीक्षक संबंधित स्कूलों के विषय शिक्षकों में से नियुक्त किए जाएंगे. वहीं, प्रोजेक्ट वर्क के मूल्यांकन के लिए किसी बाहरी परीक्षक की नियुक्ति नहीं होगी. इसका मूल्यांकन संबंधित विषय शिक्षक करेंगे. प्रायोगिक परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी.

बोर्ड परीक्षा और परियोजना कार्य की व्यवस्था की निगरानी के लिए स्कूलों में औचक निरीक्षण भी करेगा. स्कूलों को प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क के अंक 31 जनवरी 2027 तक बोर्ड के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने होंगे. प्राचार्यों को पोर्टल लॉक करने से पहले सभी प्रविष्टियों की जांच करनी होगी. पोर्टल लॉक होने के बाद अंकों में सुधार नहीं किया जा सकेगा.

अनुपस्थित विद्यार्थियों के लिए निर्देश

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रैक्टिकल परीक्षा या प्रोजेक्ट वर्क में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को विशेष अनुमति या दोबारा परीक्षा का अवसर नहीं मिलेगा. ऐसे विद्यार्थियों को अनुपस्थित दर्ज किया जाएगा. इसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्यार्थी और स्कूल प्राचार्य की होगी.

कक्षा 12वीं के पर्यावरण अध्ययन विषय में स्कूलों को शिक्षण गतिविधियों के साथ दो प्रोजेक्ट कार्य कराने होंगे. इसके अलावा 50 अंकों की परीक्षा आयोजित करना अनिवार्य होगा और उसके अंक भी 31 जनवरी तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने होंगे.

40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले विद्यार्थियों को अनुरोध करने पर जरूरत के अनुसार लेखक, रीडर या प्रयोगशाला सहायक उपलब्ध कराया जाएगा. स्कूलों को सीलबंद अंक रिकॉर्ड और मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाएं परिणाम घोषित होने की तारीख से छह महीने तक सुरक्षित रखनी होंगी. परिणाम जारी होने के बाद प्रैक्टिकल या प्रोजेक्ट के अंकों में बदलाव का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा. ऑनलाइन अंक दर्ज करने में गलती मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है.