छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द करने की मांग उठी है. छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ ने इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मुख्य सचिव विकास शील को पत्र लिखा है.

संघ के मुताबिक, आयोग में अध्यक्ष का पद करीब दो महीने से खाली है. इसके चलते प्रदेश के 54 विभागों में काम कर रहे कई पात्र अधिकारियों के प्रमोशन अटक गए हैं. संघ ने सरकार से नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने और लंबित मामलों का तय समय में निपटारा करने की मांग की है.

आयोग के कामकाज पर असर का दावा

संघ के प्रांताध्यक्ष कमल वर्मा ने कहा कि लोक सेवा आयोग राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान है. आयोग के माध्यम से सरकारी नौकरियों में भर्ती, चयन और नियमों के अनुसार प्रमोशन से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं.

संघ का कहना है कि अध्यक्ष का पद खाली रहने से आयोग के रोजमर्रा के कामकाज और जरूरी मामलों के निपटारे पर असर पड़ रहा है. पत्र में यह भी कहा गया है कि पद लंबे समय तक रिक्त रहने से लंबित मामलों में देरी बढ़ सकती है.

प्रमोशन के साथ आर्थिक लाभ भी प्रभावित होने की बात

राजपत्रित अधिकारी संघ के अनुसार, प्रमोशन में देरी से पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर आर्थिक लाभ और सेवा से जुड़े अन्य फायदे नहीं मिल पाते. संघ ने यह भी कहा कि अलग-अलग विभागों में ऊंचे पद खाली रहने से प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो सकता है.

संघ ने सरकार से CGPSC में अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ प्रमोशन और अन्य जरूरी मामलों के जल्द निपटारे की मांग की है. संघ का कहना है कि इससे अधिकारियों-कर्मचारियों को सेवा लाभ समय पर मिल सकेंगे और सरकारी कामकाज में होने वाली देरी कम होगी.