छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने CGPSC मेंस परीक्षा के परिणाम और उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच की मांग वाली दो याचिकाएं खारिज कर दी हैं. जस्टिस बीडी गुरु की अदालत ने कहा कि परीक्षा नियमों में उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन का प्रावधान नहीं है. केवल कम अंक आने या संदेह के आधार पर दोबारा जांच का आदेश नहीं दिया जा सकता.

याचिकाकर्ताओं ने बताया था कि उन्होंने 26 नवंबर 2025 के विज्ञापन के आधार पर राज्य सेवा परीक्षा दी थी. मेंस परीक्षा का परिणाम 31 अगस्त 2026 को जारी किया गया. 265 पदों के लिए 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चुना गया. याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि नियम के अनुसार पदों के तीन गुना, यानी 1:3 अनुपात में अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाना चाहिए था. इस आधार पर उन्होंने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच की मांग की थी.

न्यूनतम अंकों को लेकर आयोग का पक्ष

PSC ने अदालत को बताया कि नियमों के अनुसार सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए कम से कम 33% और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 23% अंक जरूरी थे. आयोग के मुताबिक, अपने-अपने वर्ग में केवल 608 अभ्यर्थी ही निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल कर सके. इसलिए इन्हीं अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया.

अदालत ने आयोग के शपथपत्र का हवाला देते हुए कहा कि याचिकाकर्ता यह साबित नहीं कर पाए कि न्यूनतम अंक हासिल करने वाले किसी अभ्यर्थी को इंटरव्यू से बाहर किया गया. ऐसे में चयन प्रक्रिया में हस्तक्षेप का आधार नहीं बनता.

स्पष्ट गड़बड़ी के बिना पुनर्मूल्यांकन नहीं

हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के राम विजय सिंह मामले में दिए गए फैसले का भी उल्लेख किया. अदालत ने कहा कि शैक्षणिक मूल्यांकन में विशेषज्ञों के काम में हस्तक्षेप से बचना चाहिए. अदालत स्वयं उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कर सही उत्तर तय करने वाली संस्था नहीं है.

इस बीच, CGPSC ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 के दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू की प्रक्रिया स्थगित कर दी है. आयोग ने तारीख टालने का कारण नहीं बताया है. नई तारीख बाद में जारी की जाएगी. 608 चयनित अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर अगले अपडेट का इंतजार करना होगा.

परीक्षा प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सवाल उठाए थे. उनका कहना था कि 265 पदों के लिए 1:3 अनुपात में 795 अभ्यर्थियों को बुलाया जाना चाहिए था. आयोग ने इसके जवाब में कहा था कि 187 अभ्यर्थी निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल नहीं कर सके और कम चयन संख्या किसी तकनीकी या मानवीय गलती का परिणाम नहीं है.