छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) को जल्द नया अध्यक्ष मिल सकता है. सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कावरे के नाम पर राज्य सरकार ने सहमति जताई है. नियुक्ति की फाइल अनुमोदन के लिए राजभवन भेजी गई है और अंतिम मंजूरी का इंतजार है.
मंजूरी मिलने के बाद कावरे की नियुक्ति का आदेश जारी किया जा सकता है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नियुक्ति होने पर वे मई 2028 तक आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं. आयोग अध्यक्ष की अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष है. कावरे का जन्म 18 मई 1966 को हुआ था.
अध्यक्ष पद रिक्त होने के कारण आयोग में अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े कई मामले लंबित बताए गए हैं. अध्यक्ष पद के लिए सरकार के पास महादेव कावरे और सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गे के नाम विचाराधीन थे. इनमें कावरे के नाम को प्राथमिकता दी गई है.
प्रशासनिक पदों पर रहा अनुभव
कावरे 2008 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं. वे बेमेतरा और जशपुर के कलेक्टर के अलावा दुर्ग और रायपुर संभाग के आयुक्त पद पर भी काम कर चुके हैं. उन्होंने आवास एवं पर्यावरण तथा वाणिज्यिक कर विभाग में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं.
अध्यक्ष पद पर नियुक्ति में देरी को लेकर कर्मचारी-अधिकारी संगठनों ने सरकार और राजभवन से प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की थी. कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन और राजपत्रित अधिकारी संघ ने लंबित मामलों के निराकरण के लिए पद भरने का आग्रह किया है.
