प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े धन शोधन मामले के आरोपपत्र में नेटवर्क के काम करने के तरीके का विवरण दिया है. ईडी के अनुसार, 25 से 30 अभ्यर्थियों से कुल 3.13 करोड़ रुपये जुटाए गए और डिप्टी कलेक्टर समेत विभिन्न राजपत्रित पदों के लिए 50 लाख रुपये तक का पैकेज तय किया गया था.

जांच एजेंसी के मुताबिक, कुछ अभ्यर्थियों से अग्रिम रकम ली गई थी. चयन नहीं होने की स्थिति में पैसे लौटाने के समझौते भी सामने आए हैं. ईडी ने बताया कि 30 लाख रुपये लौटाए जाने के बाद 2.83 करोड़ रुपये को अपराध से अर्जित आय की गणना में शामिल किया गया. इसके अलावा ग्रामीण विकास समिति को मिले 45 लाख रुपये के सीएसआर फंड को भी अलग वित्तीय कड़ी बताया गया है. इस आधार पर कुल 3.28 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित आय चिन्हित करने का दावा किया गया है.

रिसार्ट में ठहराने और तैयारी कराने का आरोप

आरोपपत्र में कहा गया है कि मुख्य परीक्षा से करीब 15 दिन पहले लगभग 25 अभ्यर्थियों को बरनवापारा के एक रिसार्ट में पांच दिन ठहराया गया. ईडी के अनुसार, वहां उन्हें कथित तौर पर प्रश्न उपलब्ध कराए गए और परीक्षा की तैयारी कराई गई. एक बयान में अभ्यर्थियों को पढ़ाने की बात भी कही गई है. इसके बाद उन्हें रायपुर के होटल में लाए जाने और परीक्षा के लिए आने-जाने की व्यवस्था किए जाने का उल्लेख है.

ईडी ने एक बयान के आधार पर कहा कि शुरुआत में सात-आठ अभ्यर्थियों से संपर्क की जानकारी थी, जो बाद में बढ़कर 25 से 30 हो गई. एजेंसी का दावा है कि रकम जुटाकर अलग-अलग मौकों पर कुछ लोगों तक पहुंचाई गई.

एक अन्य बयान में 50 लाख रुपये के पैकेज का उल्लेख है. आरोप है कि तीन रिश्तेदारों को राजपत्रित पद दिलाने का भरोसा दिया गया और फरवरी से मई 2022 के बीच पांच किस्तों में 30 लाख रुपये नकद दिए गए. चयन नहीं होने के बाद रकम वापसी की मांग शुरू होने की बात कही गई है.

बैंक जमा, जमीन समझौता और संपत्तियों की कार्रवाई

जांच में 21 फरवरी 2025 को रकम वापसी से जुड़े एक समझौते और दो जनवरी 2025 के बिरकोनी भूमि समझौते का भी उल्लेख है. ईडी के अनुसार, जमीन सौदे का उद्देश्य पहले दी गई रकम की वापसी सुनिश्चित करना था.

जांच एजेंसी ने उत्कर्ष चंद्राकर के खाते में 72.18 लाख रुपये और चेतन बोरघरिया से जुड़े खातों में 71.15 लाख रुपये नकद जमा की जांच की. तलाशी में 9.32 लाख रुपये नकद मिलने की बात भी आरोपपत्र में कही गई है. मोबाइल, एसएसडी, बैंक खाते और समझौते जांच का हिस्सा हैं. ईडी ने 21 सितंबर को छह संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच कीं, जिनकी कीमत 47.54 लाख रुपये बताई गई है. आरोपपत्र में दर्ज दावों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगा.