छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा फिर स्थगित कर दी है. परीक्षा पहले 24, 25 और 26 अक्टूबर को प्रस्तावित थी. बाद में इसे बदलकर 2, 3 और 4 नवंबर किया गया था. अब इन तारीखों पर भी परीक्षा नहीं होगी.

आयोग की सूचना के मुताबिक, परीक्षा अपरिहार्य कारणों से स्थगित की गई है. हालांकि, इन कारणों का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया गया है. नई परीक्षा तारीख की घोषणा अलग से की जाएगी. फिलहाल मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को नई सूचना का इंतजार करना होगा.

341 पदों के लिए 7,301 अभ्यर्थी चयनित

CGPSC ने सूबेदार, SI और प्लाटून कमांडर के 341 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की थी. यह परीक्षा 12 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में हुई थी. इसके लिए 183 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था. इसमें 7,301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया.

मुख्य परीक्षा की तारीखों में अब तक दो बार बदलाव हो चुका है. पहले अक्टूबर की तारीखें प्रस्तावित थीं. 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा होने के कारण मुख्य परीक्षा को नवंबर में कराने का निर्णय लिया गया था. अब नवंबर की तारीखें भी रद्द कर दी गई हैं.

प्रारंभिक परिणाम में नामों को लेकर विवाद

प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद चयन सूची में ‘NEWS’, ‘SPACE RANI’, ‘HE RAM’ और ‘BHAKT PRAHLAD’ जैसे नामों को लेकर विवाद हुआ था. कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की थी.

CGPSC ने तब स्पष्ट किया था कि सूची में दर्ज नाम अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन के दौरान उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर दर्ज किए थे.