छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2025 के तहत होने वाले दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू को स्थगित कर दिया है. यह प्रक्रिया 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित थी, लेकिन आयोग ने बुधवार को जारी सूचना में इसे ‘अपरिहार्य परिस्थितियों’ के कारण टालने की जानकारी दी. नई तारीखें बाद में आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी.

इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए छत्तीसगढ़ सरकार के 20 विभागों में 265 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं. आयोग ने अभ्यर्थियों को संशोधित कार्यक्रम के लिए वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी है.

विवाद के बीच आया फैसला

इंटरव्यू स्थगित होने का फैसला उस समय आया है, जब कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने परीक्षा की मूल्यांकन और शॉर्टलिस्टिंग प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे. उन्होंने मूल्यांकन की गई उत्तरपुस्तिकाएं सार्वजनिक करने, असफल अभ्यर्थियों को उनकी प्रतियां निशुल्क देने, मॉडल उत्तर जारी करने और पुनर्मूल्यांकन की मांग की थी.

कांग्रेस ने इंटरव्यू के लिए अभ्यर्थियों के चयन अनुपात पर भी सवाल उठाया. वहीं, सत्तारूढ़ बीजेपी का कहना है कि आयोग ने न्यूनतम अर्हता अंक तय किए हैं और उत्तरपुस्तिकाओं की जांच पहचान गोपनीय रखते हुए विषय विशेषज्ञों से कराई जाती है.