रायपुर. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की राज्य सिविल सेवा परीक्षा 2026 का विज्ञापन इस बार संविधान दिवस पर जारी नहीं हुआ. इसके बाद परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच इस साल परीक्षा होने या जीरो ईयर घोषित किए जाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विज्ञापन जारी नहीं होने की संभावित वजह आयोग में अध्यक्ष का पद रिक्त होना है. जीरो ईयर को लेकर अभी कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है.

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग का गठन 23 मई 2001 को हुआ था. राज्य सिविल सेवा परीक्षा का पहला विज्ञापन 2003 में जारी हुआ था. इसके बाद 2005 और 2008 में परीक्षा आयोजित की गई. वर्ष 2012 से परीक्षा हर साल नियमित रूप से आयोजित होने लगी थी. इस बार विज्ञापन जारी न होने से यह नियमित क्रम पहली बार टूटने की स्थिति में है.

आयोग के गठन के बाद राज्य सिविल सेवा परीक्षा का आयोजन 17 बार हो चुका है. विज्ञापन में देरी से अभ्यर्थियों की तैयारी और आगे की योजना प्रभावित होने की चिंता है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज्य सरकार ने 2008 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कावरे के नाम पर सहमति जताई है. नियुक्ति संबंधी फाइल अनुमोदन के लिए राजभवन भेजे जाने की बात कही गई है. कावरे की नियुक्ति होने पर उनका कार्यकाल मई 2028 तक रह सकता है.