छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) भर्ती परीक्षाओं में अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापित करने के लिए तीन चरणों वाली डिजिटल व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत आवेदन भरते समय, परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के दौरान और नौकरी जॉइन करने के समय पहचान का मिलान किया जाएगा. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आवेदन करने वाला व्यक्ति ही परीक्षा दे और चयन के बाद वही नियुक्ति ग्रहण करे.

फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन से सत्यापन

प्रस्तावित व्यवस्था में केवल फोटो पहचान-पत्र की जांच के बजाय डिजिटल प्रमाणीकरण भी किया जाएगा. परीक्षा केंद्र और नियुक्ति के समय अभ्यर्थियों के फिंगरप्रिंट का मिलान किया जा सकता है. इसके साथ आईरिस स्कैन यानी आंखों की पुतली की डिजिटल जांच का विकल्प भी रखा गया है. इससे किसी दूसरे व्यक्ति के स्थान पर परीक्षा देने की आशंका कम करने का लक्ष्य है.

मंडल के अनुसार शुरुआती चरण में आधार आधारित प्रमाणीकरण स्वैच्छिक रखा जाएगा और अभ्यर्थी की लिखित सहमति के बाद ही इसे किया जाएगा. सर्वर डाउन होने, तकनीकी खराबी या किसी अन्य वैध कारण से आधार सत्यापन नहीं हो पाने पर अभ्यर्थी को चयन प्रक्रिया से बाहर नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में ई-केवाईसी या अन्य वैध सरकारी दस्तावेजों से पहचान की पुष्टि की जा सकेगी.

परीक्षा कर्मचारियों का भी सत्यापन

यह प्रक्रिया केवल अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं रहेगी. परीक्षा संचालन और निगरानी से जुड़े अधिकारियों, केंद्र पर्यवेक्षकों तथा अन्य कर्मचारियों का भी आधार प्रमाणीकरण प्रस्तावित है. इसका उद्देश्य परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाना और अंदरूनी गड़बड़ी या मिलीभगत की संभावना कम करना है.

छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल को विभिन्न विभागों में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती के साथ प्रवेश और पात्रता परीक्षाएं कराने की जिम्मेदारी दी गई है. इससे पहले इन परीक्षाओं का आयोजन व्यावसायिक परीक्षा मंडल, यानी व्यापमं, करता था.