छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले में चैतन्य बघेल ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से करीब 61 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क किए जाने की कार्रवाई को दिल्ली स्थित अपीलीय न्यायाधिकरण में चुनौती दी है. न्यायाधिकरण ने उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए जांच एजेंसी से जवाब दाखिल करने को कहा है. मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर को होगी.

चैतन्य बघेल ने दुर्ग जिले की विट्ठल कॉलोनी में 355 प्लॉट्स पर ईडी की कब्जे की कार्रवाई को भी अलग से चुनौती दी है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसी ने इन प्लॉट्स पर जब्ती का नोटिस चस्पा कर कब्जे की कार्रवाई की थी. कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट्स बताए गए हैं, जिनमें से 30 पहले ही आम खरीदारों को बेचे जा चुके हैं.

जवाब दाखिल करने को लेकर सुनवाई

चैतन्य बघेल के अधिवक्ता हर्षवर्धन परगनिहा के अनुसार, संपत्ति कुर्की से जुड़ी अपील करीब दो महीने से न्यायाधिकरण में लंबित है. उनके मुताबिक, जांच एजेंसी को जवाब दाखिल करने के लिए पहले दो अवसर दिए गए थे, लेकिन जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया. पिछली कुछ सुनवाइयों में ईडी के अधिवक्ता के उपस्थित नहीं होने का भी दावा किया गया है.

जांच एजेंसी ने जवाब दाखिल करने के लिए तीन से चार सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा था, लेकिन न्यायाधिकरण ने यह अनुरोध स्वीकार नहीं किया. ईडी से जुड़े सूत्रों के अनुसार, मामले को दिल्ली स्थित कार्यालय देख रहा है और न्यायाधिकरण द्वारा मांगी गई जानकारी उपलब्ध करा दी गई है.

ईडी का आरोप है कि कथित शराब सिंडिकेट से हासिल अवैध धन को रियल एस्टेट में लगाया गया. धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत अस्थायी कुर्की के बाद निर्णायक प्राधिकरण संपत्ति की कुर्की को बरकरार रखने या रद्द करने पर फैसला करता है. इस आदेश के खिलाफ अपीलीय न्यायाधिकरण में अपील की जा सकती है.