बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन परियोजना के अंतिम चरण के काम के कारण 6 दिसंबर से 10 ट्रेनें रद्द रहेंगी. रेलवे के अनुसार, 11 ट्रेनें देरी से चलेंगी और छह ट्रेनों का परिचालन उनके नियमित गंतव्य से पहले समाप्त या वहीं से शुरू किया जाएगा.

चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग का काम होना है. इसके साथ ही चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित की जाएगी. इन कार्यों के चलते 7 से 18 दिसंबर तक कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव रहेगा.

बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच चौथी रेल लाइन परियोजना करीब 206 किलोमीटर लंबी है. रेलवे के मुताबिक, यह मार्ग उत्तर और दक्षिण भारत को जोड़ने वाला व्यस्त रेल कॉरिडोर है. परियोजना पूरी होने के बाद इस मार्ग की क्षमता बढ़ाने और यात्री व माल यातायात को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

किन ट्रेनों के परिचालन में बदलाव

रेलवे की जानकारी के अनुसार, 7 से 18 दिसंबर तक 68861/68862 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर में समाप्त होगी और वहीं से रवाना होगी. झारसुगुड़ा-बिलासपुर के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा.

18237 कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस बिलासपुर से शुरू होगी और कोरबा-बिलासपुर के बीच नहीं चलेगी. 18518 विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस बिलासपुर में समाप्त होगी, जबकि 18517 कोरबा-विशाखापट्टनम लिंक एक्सप्रेस बिलासपुर से रवाना होगी. इन दोनों ट्रेनों के लिए बिलासपुर-कोरबा खंड प्रभावित रहेगा.

10 और 12 दिसंबर को 12410 निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस बिलासपुर में समाप्त होगी. 12 और 14 दिसंबर को 12409 रायगढ़-निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस बिलासपुर से चलेगी. यात्रियों की सुविधा के लिए 7 से 18 दिसंबर तक 18250/18249 कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर के रूप में चलाने का निर्णय लिया गया है.