दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर-झारसुगुड़ा रेलखंड में चौथी रेल लाइन परियोजना के अंतिम चरण का काम किया जा रहा है. चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग तथा चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का काम होगा. इसके चलते 6 से 18 दिसंबर तक कई ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी.
रेलवे के अनुसार, इस अवधि में 13 मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी. 6 से 17 दिसंबर तक बिलासपुर-रायगढ़ मेमू, रायपुर-गेवरारोड मेमू और रायपुर-कोरबा पैसेंजर रद्द रहेंगी. 7 से 18 दिसंबर तक रायगढ़-बिलासपुर मेमू, गेवरारोड-रायपुर मेमू, कोरबा-रायपुर पैसेंजर, बिलासपुर-गेवरारोड-बिलासपुर मेमू, बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू, रायगढ़-बिलासपुर-रायगढ़ मेमू और बिलासपुर-गेवरारोड पैसेंजर रद्द रहेंगी.
गोंदिया-झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू 7 से 18 दिसंबर तक बिलासपुर में समाप्त और वहीं से शुरू होगी. छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस तथा दोनों दिशाओं की विशाखापटनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस भी संबंधित तारीखों में बिलासपुर से शुरू या वहीं समाप्त होंगी. गोंदवाना एक्सप्रेस की दोनों दिशाओं की सेवाएं 10, 12 और 14 दिसंबर को बिलासपुर तक सीमित रहेंगी.
आजाद हिंद एक्सप्रेस तीन घंटे और सीएसएमटी-हावड़ा एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से चलेंगी. उत्कल एक्सप्रेस, जनशताब्दी, हसदेव, एलटीटी-शालीमार, भुवनेश्वर-एलटीटी, पुरी-एलटीटी, हीराकुंड और शिवनाथ एक्सप्रेस के समय में भी एक से नौ घंटे तक बदलाव रहेगा.
यात्रियों की सुविधा के लिए 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया गया है.
