महाप्रभु श्री वल्लभाचार्य की जन्मस्थली चंपारण्य को राष्ट्रीय स्तर के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है. लगभग 73.42 करोड़ रुपये की लागत वाली श्री वल्लभाचार्य स्टैच्यू कॉम्प्लेक्स परियोजना को पर्यटन मंत्रालय की केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति से मंजूरी मिलने की जानकारी दी गई है.

परियोजना का क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड करेगा. इसे 18 महीने की समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. लगभग 15 एकड़ में बनने वाले परिसर में चंपारण्य की धार्मिक विरासत को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के साथ जोड़ा जाएगा.

परिसर में मिलेंगी ये सुविधाएं

प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स में श्री वल्लभाचार्य के जीवन और दर्शन पर आधारित आधुनिक संग्रहालय और इंटरप्रिटेशन सेंटर बनाया जाएगा. इसके अलावा कथा ग्राउंड, ओपन एयर थिएटर, वेलनेस एवं मेडिटेशन सेंटर, मल्टीपर्पज हॉल, आवास, डॉरमेटरी, रेस्टोरेंट और वेंडर शॉप्स विकसित की जाएंगी.

योजना में मौजूदा धार्मिक और प्राकृतिक परिसंपत्तियों के उन्नयन का काम भी शामिल है. यज्ञ कुंड और जल कुंड का विकास, स्थानीय तालाबों का कायाकल्प, दिव्य पाथवे, कवर्ड पाथवे, आधुनिक पार्किंग, साइनेज और लैंडस्केपिंग प्रस्तावित है.

परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार होने के बाद अब निविदा प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है. राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि चंपारण्य को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिल सकती है.

24 अगस्त 2024 को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चंपारण्य स्थित महाप्रभु श्री वल्लभाचार्य आश्रम पहुंचकर चम्पेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना की थी.