सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम चंदलीडीह में रामनामी इको टूरिज्म की शुरुआत की गई है. जिला प्रशासन और रामनामी समुदाय के संयुक्त प्रयास से विकसित इस पर्यटन स्थल का शुभारंभ अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने किया. कार्यक्रम कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ.

शुभारंभ के पहले ही दिन फ्रांस से आए दो पर्यटक चंदलीडीह पहुंचे. उन्होंने यहां के प्राकृतिक परिवेश और स्थानीय सांस्कृतिक वातावरण का अनुभव किया. प्रशासन के अनुसार, इस पहल के जरिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है.

बोटिंग और पहाड़ ट्रैकिंग समेत कई गतिविधियां

चंदलीडीह में पर्यटकों के लिए पिकनिक, बोटिंग, बंबू राफ्टिंग, कायाकिंग, नाइट कैंपिंग और सतखंडा पहाड़ ट्रैकिंग जैसी गतिविधियां उपलब्ध कराई गई हैं. यहां आने वाले लोग पहाड़ी प्राकृतिक परिवेश में समय बिताने के साथ पानी से जुड़ी रोमांचक गतिविधियों और खुले आसमान के नीचे कैंपिंग का आनंद ले सकेंगे.

इस पर्यटन स्थल की खास पहचान रामनामी समाज की सांस्कृतिक विरासत है. रामनामी समुदाय भगवान श्रीराम के प्रति आस्था, शरीर पर ‘राम-राम’ नाम का गोदना, राम नाम अंकित वस्त्र और भजन-कीर्तन की परंपरा के लिए जाना जाता है. पर्यटकों को क्षेत्र की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को करीब से समझने का अवसर मिलेगा.

जिला प्रशासन का कहना है कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बन सकते हैं. साथ ही, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और रामनामी विरासत को व्यापक पहचान दिलाने पर भी जोर दिया जा रहा है.