रायपुर के चंदखुरी गांव में विजयादशमी का आयोजन बाकी जगहों से अलग तरीके से होता है. यहां दशमी के दिन नहीं, बल्कि दशहरे के अगले दिन यानी ग्यारस को रावण दहन किया जाता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, यह परंपरा सैकड़ों साल से चली आ रही है और आज भी जारी है.

चंदखुरी को माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान राम का ननिहाल माना जाता है. कौशल्या माता मंदिर के पुजारी रमेश शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ के अधिकतर गांवों में दशमी को रावण दहन होता है, जबकि चंदखुरी में ग्यारस के दिन दशहरा मनाने की परंपरा है.

आसपास के गांवों को जोड़ने की परंपरा

स्थानीय जानकारी के मुताबिक, पहले चंदखुरी में भव्य रामलीला का आयोजन होता था. आसपास के गांवों के लोग पहले अपने गांव में दशहरा मनाते थे और अगले दिन चंदखुरी पहुंचकर रामलीला और रावण दहन में शामिल होते थे. इसी वजह से यहां दशहरा एक दिन बाद मनाने की परंपरा बनी. समय के साथ रामलीला का आयोजन बंद हो गया, लेकिन ग्यारस को दशहरा मनाने की परंपरा कायम है.

स्थानीय निवासी दिनेश ठाकुर ने बताया कि पहले चंदखुरी एक बड़ा और प्रसिद्ध गांव माना जाता था. रामलीला और दशहरा देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे.

पिता से बेटे तक पहुंची पुतला बनाने की परंपरा

चंदखुरी के मूर्तिकार चमन विश्वकर्मा इस आयोजन के लिए रावण का पुतला तैयार करते हैं. उनके अनुसार, उनसे पहले उनके पिता यह काम करते थे. परिवार गणेश और दुर्गा की प्रतिमाएं बनाने के बाद दशहरे के लिए रावण का पुतला तैयार करता है.

इस साल चंदखुरी में 21 अक्टूबर को ग्यारस के दिन दशहरा मनाया जाएगा और रावण दहन होगा. आयोजन देखने के लिए आसपास के गांवों से लोगों के पहुंचने की उम्मीद है.