कांकेर जिले के चारामा नगर पंचायत में गुरुवार सुबह से जंगली भालू के घूमने की सूचना के बाद लोगों में डर का माहौल है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, भालू सुबह करीब 5 बजे से नगर के अलग-अलग वार्डों में दिखाई दिया. दिनभर उसे शहरी क्षेत्र में घूमते देखा गया.
सबसे पहले भालू कृष्ण मंदिर वार्ड में राजू पेंटर के पास दिखाई दिया. गुरुवार को चारामा में साप्ताहिक बाजार लगने के कारण बस्तर से सूखी मछली बेचने वाली महिलाएं भी सुबह वहां पहुंची थीं. बताया गया कि कुत्तों के भौंकने के बाद भालू वहां से आगे चला गया.
कई इलाकों में दिखाई देने की सूचना
कृष्ण मंदिर वार्ड क्रमांक 11 में भालू कई मकानों के पास पहुंचा और कुछ घरों के दरवाजे खटखटाए. एक वार्डवासी के घर के परिसर में शौचालय के पास गंदगी फैलने की बात भी सामने आई है. इसके बाद सुबह करीब 10 बजे सदर बाजार स्थित नवीन पटेल इंटरप्राइजेज के पास भी लोगों ने उसे देखा. श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल के परिसर में भी भालू की हलचल की सूचना मिली.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक-दो दिनों से भी अलग-अलग इलाकों में भालू के घूमने की खबरें मिल रही थीं. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ये सभी घटनाएं एक ही भालू से जुड़ी हैं या दो अलग-अलग भालू नगर में घूम रहे हैं.
वन विभाग ने जारी की सावधानी की अपील
डिप्टी रेंजर महेश सलाम के अनुसार, सूचना मिलते ही विशेष टीम को अलर्ट किया गया. वन अमला शहर के चारों ओर गश्त कर रहा है और भालू की लोकेशन पर नजर रख रहा है. टीम उसे सुरक्षित तरीके से आबादी से बाहर जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रही है.
वन विभाग ने लोगों से भालू के करीब नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की है. विभाग ने मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोगों से एक-दो दिन सुबह की सैर से बचने को भी कहा है.
