कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र में तीन मंदिरों की दान पेटियों के ताले तोड़कर पैसे चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान ग्राम लखनपुरी निवासी दिलीप शर्मा (27) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से 5,130 रुपए और लोहे का कटर जब्त किया है.

पुलिस के मुताबिक, 20 और 21 नवंबर की दरमियानी रात ग्राम कानापोड़ स्थित त्रिपुरारी महादेव मंदिर और ग्राम लखनपुरी के पिपलेश्वर व बटकेश्वर मंदिर की दान पेटियों के ताले तोड़े गए थे. इसके बाद दान पेटियों में रखी रकम चोरी होने की शिकायत 21 नवंबर को दर्ज कराई गई.

शिकायत मिलने के बाद चारामा पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस का कहना है कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दिलीप शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में उसने तीनों मंदिरों की दान पेटियों के ताले तोड़कर पैसे चोरी करने की बात स्वीकार की. इसके बाद उसके पास से 5,130 रुपए और लोहे का कटर बरामद किया गया.

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया. पुलिस के अनुसार, दिलीप शर्मा के खिलाफ चारामा थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के तीन पुराने मामले दर्ज हैं. इसके अलावा उसके खिलाफ पांच प्रतिबंधात्मक मामले दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है.