छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर एक माइनिंग सरदार और उनकी पत्नी से कथित तौर पर करीब 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. चरचा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

चरचा ओल्ड स्टाफ कॉलोनी निवासी माइनिंग सरदार सुमित कुमार चखियार ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले उन्हें अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन आए थे. फोन करने वालों ने अपना नाम रंजक और सरदार मनजीत सिंह बताया. उन्होंने ऑनलाइन ट्रेडिंग के लिए ‘स्पोवा.कॉम’ पर अकाउंट बनाने और निवेश करने को कहा. इसके बाद टेलीग्राम, ई-मेल और फोन के जरिए दंपती से संपर्क किया गया.

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के कारण तेल की कीमतें बढ़ने की बात कही और 5 लाख रुपये निवेश पर इतनी ही रकम मुनाफे का दावा किया. दंपती ने 6 अप्रैल 2026 को RTGS के जरिए 5 लाख रुपये महादेव कंस्ट्रक्शन के खाते में जमा किए. इसके बाद ट्रेडिंग अकाउंट में 4,488 डॉलर और तेल कारोबार से 16 हजार डॉलर मुनाफा दिखाया गया. रकम निकालने की बात कहने पर उन्हें दोबारा ट्रेडिंग के लिए राजी किया गया और कथित तौर पर गलत ट्रेड कराए गए.

बाद में दंपती ने 50 हजार रुपये, 10 सितंबर को 2 लाख रुपये, 11 सितंबर को 2 लाख रुपये और 1 लाख रुपये UPI से भेजे. अकाउंट में गोल्ड ट्रेडिंग से 9 हजार डॉलर मुनाफा दिखाया गया, लेकिन निकासी मांगने पर मनजीत सिंह ने फोन उठाना बंद कर दिया.

दंपती ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और चरचा थाने में शिकायत की. पुलिस ने BNS की धारा 66D, 3(5) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है.