प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को बड़े स्तर पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया. ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशभर में 1.5 करोड़ से अधिक मिट्टी के दीये जलाए जाने की जानकारी सामने आई है.

मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों और मैदानों में लोगों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं.

रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खारुन नदी के किनारे महादेव घाट और मरीन ड्राइव पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. सरकारी जानकारी के अनुसार, राजधानी में 25 लाख से अधिक दीये जलाए गए. मरीन ड्राइव और तेलीबांधा तालाब क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर दीप प्रज्वलन हुआ.

बिलासपुर के पुलिस मैदान में करीब 1.25 लाख दीये जलाने का कार्यक्रम रखा गया था. यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के 200 पात्र हितग्राहियों को घरों की चाबी सौंपे जाने की भी जानकारी दी गई.

‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है. इसके तहत जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.