छत्तीसगढ़ में उत्तराखंड के चारधाम की तर्ज पर करीब 1000 किलोमीटर लंबे आस्था पथ की योजना पर काम शुरू करने की तैयारी है. प्रस्तावित धार्मिक पर्यटन सर्किट के जरिए राज्य के पांच प्रमुख शक्तिपीठों को आपस में जोड़ने की योजना है. फिलहाल संभावित रूट मैप जारी किया गया है और इसके आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी.

इस आस्था पथ में डोंगरगढ़ की मां बम्लेश्वरी, रतनपुर की मां महामाया, दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी, कुदरगढ़ धाम की मां बागेश्वरी और सक्ती जिले के चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी मंदिर को शामिल किया गया है. रूट के तहत इन तीर्थस्थलों तक पहुंच और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा.

बजट और परियोजना की स्थिति

वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में आस्था पथ योजना के तहत श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. हालांकि, पूरे कॉरिडोर के निर्माण के लिए अलग से कितना बजट तय होगा और निर्माण कब शुरू होगा, इसकी घोषणा अभी नहीं हुई है.

रतनपुर के मां महामाया मंदिर के समग्र विकास के लिए 200 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार कर केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय को भेजी गई है. इसे मंजूरी मिलने के बाद एजेंसी तय की जाएगी और काम शुरू होने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. डोंगरगढ़, कुदरगढ़, चंद्रपुर और दंतेवाड़ा के मंदिरों के लिए रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है.

प्रस्तावित सुविधाएं

योजना में बेहतर सड़क संपर्क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा सुविधाओं का विकास शामिल है. पार्किंग, सामुदायिक शौचालय, विश्राम स्थल, बैठने की व्यवस्था और हवन-पूजन स्थल भी बनाए जा सकते हैं. इसके अलावा CCTV कैमरे, पर्यटक सहायता केंद्र, गार्डन और होम स्टे जैसी सुविधाओं का प्रस्ताव है. विकास के दौरान स्थानीय संस्कृति, वास्तुकला और प्राकृतिक परिवेश के संरक्षण पर भी ध्यान देने की बात कही गई है.