छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 125 अधिकारियों का तबादला किया है. सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किया. आदेश के तहत अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर और प्रवर श्रेणी के अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है. फेरबदल का दायरा जिलों के साथ मंत्रालय और विभिन्न सरकारी संस्थानों तक है.
पुलक भट्टाचार्य को वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा), रायपुर के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी का प्रभार दिया गया है. वे सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव हैं. इसके अलावा उनके पास पीएमओटी मिशन कर्मयोगी के समन्वयक और नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय में अपर संचालक का अतिरिक्त दायित्व है.
श्रम विभाग में उप सचिव विपुल कुमार गुप्ता को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल, रायपुर के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. विनायक शर्मा को नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में प्रबंधक बनाया गया है. वे इससे पहले राज्य शिष्टाचार कार्यालय में राज्य शिष्टाचार अधिकारी के पद पर थे और खनिज साधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे.
डॉ. ऋतु वर्मा को वर्तमान दायित्वों के साथ उच्च शिक्षा विभाग में उप सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं, वैभव कुमार क्षेत्रज्ञ को छत्तीसगढ़ संवाद के उप महाप्रबंधक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है. उनके बाकी दायित्व यथावत रहेंगे.
पुष्पेन्द्र कुमार शर्मा को मंत्रालय, नवा रायपुर अटल नगर में राज्य शिष्टाचार अधिकारी नियुक्त किया गया है. गौतम सिंह को मार्कफेड के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है. मोनिका जयनशीने को डिप्टी कलेक्टर, दुर्ग के पद पर पदस्थ किया गया है.
