रायपुर में आम आदमी पार्टी (AAP) ने आयुष्मान भारत योजना से जुड़े निजी अस्पतालों में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार से 16 अस्पतालों के प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है. पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि कुछ अस्पतालों ने एजेंटों के जरिए मरीजों को बुलाया, जरूरत नहीं होने पर भर्ती किया और गलत कोडिंग व फर्जी दस्तावेजों के आधार पर इलाज पैकेज का भुगतान लिया.
AAP नेताओं विजय झा, जयदीप खनूजा और नंदन सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि पिछले दो साल में हुई जांच के दौरान 70 अस्पतालों में गड़बड़ियां पाई गईं. उनके अनुसार, इनमें 16 अस्पतालों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. पार्टी का आरोप है कि सरकार ने इन मामलों में केवल आयुष्मान योजना का पंजीयन रद्द करने की कार्रवाई की, जबकि सरकारी धन को कथित नुकसान पहुंचाने वाले अस्पताल प्रबंधन पर आपराधिक कार्रवाई नहीं की गई.
इन 16 अस्पतालों में रायपुर के आठ अस्पताल शामिल बताए गए हैं. AAP ने इनके खिलाफ FIR की मांग को लेकर 3 नवंबर को पुलिस उपायुक्त, पश्चिम को ज्ञापन सौंपने की बात कही है.
सरकारी ऑक्सीजन प्लांट और खरीद पर सवाल
पार्टी नेताओं ने माना सिविल अस्पताल और जिला अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांटों को लेकर भी सवाल उठाए. उनके मुताबिक, दोनों प्लांट करीब 1.5-1.5 करोड़ रुपये की लागत से बने हैं. माना का प्लांट तीन साल से और जिला अस्पताल का प्लांट 2021 से बंद है. AAP का दावा है कि इनके बंद रहने के कारण हर महीने लगभग 3.5 लाख रुपये की ऑक्सीजन खरीदी जा रही है. प्लांट चालू नहीं होने की वजह तकनीकी स्टाफ की कमी बताई जाती है.
AAP ने CGMSC और NHM में 660 करोड़ रुपये की रीजेंट व मेडिकल उपकरण खरीद में कथित गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया. नेताओं ने जशपुर के बगीचा विकासखंड में एंबुलेंस नहीं मिलने से गर्भवती महिला की मौत और डेढ़ साल से बंद स्वास्थ्य केंद्र का भी उल्लेख किया.
पार्टी ने सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के रिक्त पद और खराब जांच मशीनों का मुद्दा उठाते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने की मांग की. मांगें पूरी नहीं होने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है.
