छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी, उपसमूह-02 के अंतर्गत विभिन्न विभागों में 1,703 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है. इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है. अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं.

भर्ती में सहायक ग्रेड-3 के सबसे अधिक 1,206 पद शामिल हैं. इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279, शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34 और स्टेनो टाइपिस्ट के 23 पद हैं. डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13, पंजीयक लिपिक के 50, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पदों पर भी भर्ती होगी.

आवेदन और परीक्षा की महत्वपूर्ण तारीखें

आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार का अवसर 28 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक शाम 5 बजे तक दिया जाएगा. लिखित भर्ती परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थी 4 जनवरी 2027 से मंडल की वेबसाइट पर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे.

परीक्षा छत्तीसगढ़ के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी. अधिसूचना के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने वाले छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा, जिससे आवेदन शुल्क का भुगतान किया गया है.

अभ्यर्थी पात्रता, पदवार नियम, आवेदन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट cgssb.cgstate.gov.in पर जारी अधिसूचना देखें.