छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के तहत विभिन्न विभागों में 1,703 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है. इन पदों के लिए पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी.

भर्ती में सहायक ग्रेड-3 के सबसे अधिक 1,206 पद हैं. इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279, पंजीयक लिपिक के 50, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34 और शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30 पद शामिल हैं.

स्टेनो टाइपिस्ट के 23, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13 और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पदों पर भी नियुक्ति होगी.

ऑनलाइन आवेदन 5 नवंबर 2026 से शुरू हो गए हैं. अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकेंगे. आवेदन में सुधार का अवसर 28 से 30 नवंबर तक शाम 5 बजे तक मिलेगा.

लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी. परीक्षा पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी, जबकि प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से मंडल की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे.

परीक्षा में शामिल होने वाले छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों का परीक्षा शुल्क नियमानुसार उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा, जिससे भुगतान किया गया है. विस्तृत जानकारी और आवेदन के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं.