छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने 10 अलग-अलग पदों पर कुल 1,703 रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है. इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 नवंबर से जारी हैं. इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं.

भर्ती में सबसे अधिक 1,206 पद सहायक ग्रेड-3 के हैं. इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक के 319 पदों पर नियुक्ति की जाएगी. अन्य रिक्तियों में शोधलेखक हिंदी के 30, शोधलेखक अंग्रेजी के 3, विज्ञानी के 13, उप निरीक्षक (शोधलेखक सामान्य शाखा हिंदी) के 34, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, स्टेनो टाइपिस्ट के 23 और पंजीयन लिपिक के 50 पद शामिल हैं.

जनवरी 2027 में लिखित परीक्षा

मंडल की ओर से लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी. परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी. इसके लिए प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे. प्रवेश पत्र जारी करने की संभावित तारीख 4 जनवरी 2027 है.

ऑनलाइन आवेदन में हुई गलतियों को सुधारने के लिए 28 से 30 नवंबर 2026 तक शाम 5 बजे तक अवसर दिया जाएगा. आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा. छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के बाद शासन के नियमानुसार परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा. शुल्क उसी बैंक खाते में लौटाया जाएगा, जिससे भुगतान किया गया है.

पदों की संख्या, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, परीक्षा प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट cgssb.cgstate.gov.in पर उपलब्ध है.