छत्तीसगढ़ में पटवारियों के अनिश्चितकालीन प्रदर्शन को कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने समर्थन देने की घोषणा की है. फेडरेशन ने पटवारियों की मांगों और शासकीय कर्मचारियों के लंबित तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) के भुगतान को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का निर्णय लिया है.
फेडरेशन के फैसले के अनुसार 18 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालयों पर आक्रोश रैली निकाली जाएगी. रैली के बाद संबंधित जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा. यह निर्णय रविवार को हुई फेडरेशन की आपातकालीन वर्चुअल बैठक में लिया गया. बैठक में विभिन्न कर्मचारी-अधिकारी संगठनों के प्रांताध्यक्ष शामिल हुए.
पटवारियों पर कार्रवाई वापस लेने की मांग
फेडरेशन ने पटवारियों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे निरस्त करने की मांग की है. संगठन ने सरकार से पटवारियों की मांगों का जल्द समाधान करने का भी आग्रह किया. फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगें रखेगा.
फेडरेशन की प्रमुख मांगों में कर्मचारियों को लंबित तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता देय तिथि से एरियर सहित देना शामिल है. संगठन ने कहा है कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर अगले चरण में एक दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा.
