छत्तीसगढ़ में लगातार हुई बारिश का असर बांधों और नदियों के जलस्तर पर दिखाई दे रहा है. राज्य के 19 छोटे-बड़े बांध अपनी 100 प्रतिशत क्षमता तक भर चुके हैं. जल संसाधन विभाग के अनुसार, बारिश का दौर कमजोर पड़ने और पानी की आवक घटने के बाद नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है. परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो करीब एक सप्ताह में नदियां सामान्य स्थिति में लौट सकती हैं.
जलाशयों में 94.22 प्रतिशत पानी
29 सितंबर की टैंक गेज रिपोर्ट के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के 46 छोटे-बड़े बांधों और प्रमुख जलाशयों की कुल 6,360.23 एमसीएम लाइव क्षमता में 5,992.29 एमसीएम पानी उपलब्ध था. यह कुल क्षमता का 94.22 प्रतिशत है. लगातार बारिश के साथ कैचमेंट क्षेत्रों से हुई पानी की आवक ने जलाशयों की स्थिति मजबूत की है.
तांदुला, दुधावा, गंगरेल और खरखरा जैसे प्रमुख जलाशय भी पूरी तरह भर चुके हैं. बांधों और उनके जलग्रहण क्षेत्रों में पानी की आवक बढ़ने से कई नदियों का जलस्तर सामान्य सीमा से ऊपर चला गया था. हालांकि, अब बारिश और आवक में कमी के साथ जलस्तर नीचे आने लगा है.
पिछले दो वर्षों से बेहतर स्थिति
आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष इसी तारीख को जलाशयों में 5,736.50 एमसीएम पानी था, जो कुल क्षमता का 90.19 प्रतिशत था. इस वर्ष जलभराव पिछले वर्ष की तुलना में 4.03 प्रतिशत अधिक दर्ज किया गया है.
वर्ष 2024 में जलाशयों में 5,516.62 एमसीएम पानी उपलब्ध था, जो कुल क्षमता का 86.74 प्रतिशत था. इस तरह मौजूदा जलभराव स्तर 2024 और 2025, दोनों वर्षों की तुलना में बेहतर है.
