छत्तीसगढ़ में विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) ऐप के क्रियान्वयन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर 19 जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) के नवंबर 2026 के वेतन पर रोक लगा दी गई है. लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने यह रोक आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से लागू की है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डीपीआई संचालक ऋतुराज रघुवंशी के आदेश में कहा गया है कि अधिकारियों को वीएसके ऐप पर उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों का विवरण गूगल शीट में भरने के निर्देश दिए गए थे. इसके लिए 8 अक्टूबर 2026 को पत्र भेजा गया था और 3 नवंबर को स्मरण पत्र जारी किया गया. इसके बावजूद 17 जिलों से अपेक्षित जानकारी नहीं मिली.

विभाग ने 16 अक्टूबर को उन स्कूलों की जानकारी भी मांगी थी, जहां कोई भी कार्यरत कर्मचारी वीएसके ऐप पर उपस्थिति दर्ज नहीं करा रहा है. 4 नवंबर के स्मरण पत्र के बाद भी 10 जिलों के डीईओ ने यह विवरण गूगल शीट में दर्ज नहीं किया.

आदेश में इस स्थिति को पदीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर उदासीनता, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता बताया गया है. विभाग ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत कदाचार माना है.

कार्रवाई वाले जिलों में नारायणपुर, सरगुजा, कोंडागांव, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, धमतरी, कोरबा, दुर्ग, कबीरधाम, बस्तर, मुंगेली, सुकमा, बालोद, दंतेवाड़ा, रायपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और कोरिया शामिल हैं.

इनमें नारायणपुर, सरगुजा, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, कोरबा और दंतेवाड़ा ने दोनों श्रेणियों की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई. आदेश की प्रतियां संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला कलेक्टरों और कोषालय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं.