छत्तीसगढ़ में विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) ऐप के जरिए शिक्षकों और कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय ने सख्त कार्रवाई की है. नवा रायपुर स्थित संचालनालय ने 19 जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) का नवंबर 2026 का वेतन तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक रोक दिया है.
संचालनालय के अनुसार, संबंधित अधिकारियों से VSK ऐप पर उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों-कर्मचारियों और उन स्कूलों की जानकारी मांगी गई थी, जहां किसी भी कर्मचारी ने ऐप पर हाजिरी नहीं लगाई. इसके लिए 8 अक्टूबर और 16 अक्टूबर 2026 को गूगल शीट भेजी गई थी. जानकारी नहीं मिलने पर 3 और 4 नवंबर को स्मरण पत्र जारी किए गए.
आदेश में कहा गया है कि बार-बार अवसर दिए जाने के बावजूद कई जिलों से पूरी और सही जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई. संचालनालय ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत गंभीर कदाचरण, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता बताया है.
वेतन रोकने की कार्रवाई से प्रभावित जिलों में नारायणपुर, सरगुजा, कोंडागांव, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, धमतरी, कोरबा, दुर्ग, कबीरधाम, बस्तर, मुंगेली, सुकमा, बालोद, दंतेवाड़ा, रायपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और कोरिया शामिल हैं.
राज्य की सभी शासकीय शालाओं में 16 जून 2026 से VSK ऐप के जरिए ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य है. आदेश के मुताबिक, जब तक संबंधित अधिकारी दोनों मांगी गई जानकारियां गूगल शीट में पूरी तरह दर्ज नहीं करते और संचालनालय संतुष्ट नहीं होता, तब तक वेतन जारी नहीं किया जाएगा. आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग, समग्र शिक्षा, कोष एवं लेखा विभाग, कलेक्टरों और जिला कोषालय अधिकारियों को भी भेजी गई है.
