छत्तीसगढ़ में 19 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) का नवंबर का वेतन आगामी आदेश तक रोक दिया गया है. लोक शिक्षण संचालनालय ने यह कार्रवाई विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) एप पर शिक्षकों और कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति से जुड़ी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराने पर की है.

संचालनालय के अनुसार, सभी डीईओ को 8 और 16 अक्टूबर को गूगल शीट भेजकर उन शिक्षकों और कर्मचारियों की जानकारी मांगी गई थी, जिन्होंने वीएसके एप पर हाजिरी दर्ज नहीं की थी. ऐसे स्कूलों का विवरण भी मांगा गया था, जहां किसी भी कर्मचारी ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं की.

निर्धारित समयसीमा में जानकारी नहीं मिलने पर 3 और 4 नवंबर को स्मरण पत्र जारी किए गए. इसके बाद भी 19 जिलों के डीईओ ने गूगल शीट अपडेट नहीं की. संचालनालय ने इसे पदीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर उदासीनता, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता माना है.

जिन जिलों के डीईओ पर कार्रवाई हुई है, उनमें नारायणपुर, सरगुजा, कोंडागांव, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, धमतरी, कोरबा, दुर्ग, कबीरधाम, बस्तर, मुंगेली, सुकमा, बालोद, दंतेवाड़ा, रायपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और कोरिया शामिल हैं.

आदेश की प्रतियां स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव, समग्र शिक्षा आयुक्त, संचालक कोष एवं लेखा, संबंधित कलेक्टरों, संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला कोषालय अधिकारियों को भेजी गई हैं. जांजगीर-चांपा के डीईओ मनोहर प्रताप सिंह भी कार्रवाई के दायरे में हैं.