रायपुर. छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में 19 शिक्षकों और व्याख्याताओं के स्थानांतरण से जुड़ा एक कथित फर्जी आदेश सामने आया है. लोक शिक्षण संचालनालय ने 6 अगस्त 2026 की तारीख वाले इस आदेश को फर्जी बताया है. मामले की जांच के लिए 15 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) से तीन दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है.
लोक शिक्षण संचालनालय ने 14 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में संबंधित अधिकारियों से बिंदुवार जानकारी और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है. विभाग के अनुसार, कथित आदेश तैयार करने में स्कूल शिक्षा विभाग के सरकारी लेटरहेड का इस्तेमाल किया गया. इसमें अवर सचिव आर.पी. वर्मा के नाम, पदमुद्रा और हस्ताक्षर के कथित दुरुपयोग की बात भी सामने आई है. आदेश क्रमांक ESTB-102/755/2026/20-3 के तहत 19 कर्मचारियों का स्थानांतरण दर्शाया गया था.
15 जिलों से मांगी गई जानकारी
जिन जिलों के DEO से रिपोर्ट मांगी गई है, उनमें रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, धमतरी, कबीरधाम, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बलौदाबाजार-भाटापारा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बस्तर, उत्तर बस्तर कांकेर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, बलरामपुर-रामानुजगंज और सरगुजा शामिल हैं.
अधिकारियों से पूछा गया है कि यह आदेश किन माध्यमों से जिला कार्यालयों तक पहुंचा और अलग-अलग स्तर पर उसके आधार पर क्या कार्रवाई हुई. विभाग ने यह जानकारी भी मांगी है कि कितने कर्मचारियों ने कार्यमुक्ति या नई जगह पर कार्यभार ग्रहण करने के लिए आवेदन दिया.
DEO को यह बताना होगा कि कितने कर्मचारियों को वास्तव में कार्यमुक्त किया गया और कितनों को नई जगह पर कार्यभार ग्रहण कराया गया. संबंधित कर्मचारियों की सूची और दस्तावेज भी रिपोर्ट के साथ मांगे गए हैं.
विभाग ने फर्जी आदेश की जानकारी मिलने के बाद जिला स्तर पर उठाए गए कदमों का विवरण भी मांगा है. रिपोर्ट के आधार पर संबंधित शासकीय सेवकों की भूमिका की जांच की जाएगी और नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा.
