छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के 1998 बैच के शिक्षकों ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता से राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. शिक्षकों ने इस संबंध में अंतरिम आवेदन दाखिल कर नई योग्यता को पहले से सरकारी सेवा में कार्यरत कर्मचारियों पर लागू नहीं करने की मांग की है.

आवेदन अधिवक्ता विशाल अरुण मिश्रा के माध्यम से मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के सामने रखा गया. याचिकाकर्ताओं का कहना है कि वे करीब 28 साल से सरकारी सेवा में हैं. इनमें पेंड्रा विकासखंड के एलबी संवर्ग के प्रशांत शर्मा, सेमलाल साहू, गीताराम साहू, सुरेश राठौर, गणेश यादव और रजनी कोरी शामिल हैं.

1998 की भर्ती और मौजूदा विवाद

शिक्षकों के अनुसार, उनकी भर्ती 1998 में मध्यप्रदेश शासन ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर शिक्षा कर्मी पदों के लिए की थी. नियुक्तियां राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) अधिनियम, 1993 के तहत तय मानकों के आधार पर हुई थीं. आवेदन में बम्हनीडीह, भानुप्रतापपुर, कांकेर, बस्तर, मोहला-मानपुर और नारायणपुर के शिक्षक भी शामिल हैं. दूसरे राज्यों के शिक्षकों की ओर से भी आवेदन दायर किए जाने की बात कही गई है.

विवाद सुप्रीम कोर्ट की 8 सितंबर की उस कार्यवाही से जुड़ा है, जिसमें ‘राजेश चौहान बनाम भारत संघ’ जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान कहा गया था कि संबंधित कानूनों के तहत निर्धारित योग्यता के बिना किसी शिक्षक की नियुक्ति या समायोजन नहीं किया जाएगा. निर्देश में RTE अधिनियम, 2009, NCTE अधिनियम, 1993 और UGC अधिनियम, 1956 के तहत योग्यताओं का उल्लेख किया गया था.

2017 के संशोधन का हवाला

शिक्षकों का तर्क है कि उनकी नियुक्ति RTE अधिनियम, 2009 लागू होने से पहले हुई थी. वे 17 अक्टूबर 2017 के RTE संशोधन का भी हवाला दे रहे हैं. उनके मुताबिक, संशोधन में 31 मार्च 2015 तक नियुक्त या पदासीन ऐसे शिक्षकों को निर्धारित न्यूनतम योग्यता हासिल करने के लिए चार साल का समय दिया गया था.

अब शिक्षकों की नजर केंद्र सरकार के जवाब पर है. उनका कहना है कि नई योग्यता लागू होने से पहले नियमित सेवा में आए कर्मचारियों पर बाद के नियम लागू करने से नौकरी की सुरक्षा को लेकर असमंजस पैदा हो रहा है.