छत्तीसगढ़ में सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई और डिजिटल कनेक्टिविटी से जुड़ी योजनाएं अब अगले 20 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर एकीकृत तरीके से तैयार करने की योजना है. राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत दीर्घकालिक समग्र कार्ययोजना बनाने की तैयारी शुरू की है.
इस मिशन के तहत प्रदेश के रोड नेटवर्क का 20 साल का मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा. इसमें मौजूदा सड़क व्यवस्था के साथ भविष्य में विकसित होने वाले क्षेत्रों और उनकी कनेक्टिविटी जरूरतों का आकलन किया जाएगा. लोक निर्माण विभाग को मिशन का नोडल विभाग बनाया गया है.
मास्टर प्लान में यह चिन्हित किया जाएगा कि अगले दो दशकों में कहां नई सड़कें बनाई जानी हैं, किन मार्गों की क्षमता बढ़ानी होगी और किन क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ने की जरूरत है. इसके आधार पर परियोजनाओं की प्राथमिकता तय की जाएगी.
हर साल के काम और फंडिंग का खाका
20 साल के मास्टर प्लान के साथ हर वर्ष का अलग एक्शन प्लान भी तैयार होगा. इसमें उस साल किए जाने वाले काम, उनकी प्राथमिकता, जरूरी संसाधन और समय-सीमा तय की जाएगी. बड़ी परियोजनाओं के लिए सार्वजनिक और निजी निवेश समेत नए फंडिंग मॉडल की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा. दूसरे राज्यों की आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का अध्ययन भी प्रस्तावित है.
मिशन में सड़क के साथ ऊर्जा, ट्रांसमिशन, जल, सिंचाई, संचार और फाइबर नेटवर्क की जरूरतों को भी एक साथ देखा जाएगा. किसी क्षेत्र में बड़ी सड़क या अन्य कनेक्टिविटी परियोजना प्रस्तावित होने पर वहां भविष्य की बिजली, पानी और डिजिटल नेटवर्क जरूरतों का आकलन किया जाएगा.
इंटरमॉडल परिवहन और लॉजिस्टिक्स हब पर अध्ययन
राज्य में इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की संभावनाएं भी तलाशने की योजना है. सड़क और रेल जैसे परिवहन माध्यमों को जोड़कर माल ढुलाई से जुड़ी परियोजनाएं चिन्हित की जाएंगी. ऐसे केंद्रों पर भंडारण, पैकेजिंग, छंटाई, लोडिंग-अनलोडिंग और परिवहन सुविधाएं एक जगह उपलब्ध हो सकती हैं.
छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए सड़क और रेल कनेक्टिविटी के जरिए इसे विभिन्न बड़े बाजारों से जोड़ने की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा. प्रस्तावित लॉजिस्टिक्स हब से परिवहन समय और लागत कम करने में मदद मिल सकती है. इससे वेयरहाउसिंग, कोल्ड स्टोरेज, पैकेजिंग, ट्रांसपोर्ट और सप्लाई चेन सेवाओं में निवेश तथा रोजगार की संभावनाएं भी बन सकती हैं.
