छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारी शुरू कर दी है. वित्त विभाग ने सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, सचिवों और विभागाध्यक्षों को बजट प्रस्ताव तैयार कर निर्धारित समयसीमा में भेजने के निर्देश दिए हैं. यह साय सरकार का चौथा बजट होगा.

विभागों को बजट प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू करनी होगी. प्रस्ताव 20 नवंबर तक अंतिम रूप से वित्त विभाग को जमा किए जा सकेंगे. इसके बाद 1 से 17 दिसंबर के बीच वित्त सचिव विभागीय सचिवों के साथ प्रस्तावों पर चर्चा करेंगे. 4 से 18 जनवरी तक वित्त मंत्री अन्य विभागीय मंत्रियों के साथ नवीन मदों के प्रस्तावों पर विचार करेंगे और उन्हें मंजूरी दी जाएगी.

निर्देशों के अनुसार, आदिवासी क्षेत्र उपयोजना और अनुसूचित जातियों के लिए विशेष घटक योजना से जुड़े प्रस्ताव आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के वित्तीय सलाहकार प्रकोष्ठ को भेजे जाएंगे. नए व्यय के प्रस्तावों में सूक्ष्म परीक्षण को प्राथमिकता देने को कहा गया है. बजट में अपरीक्षित नवीन मदों की तुलना में परीक्षित मदों को वरीयता दी जाएगी.

अपरीक्षित नवीन मदों पर केवल मंत्री-स्तरीय चर्चा में विचार किया जाएगा. पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग संबंधित विभागों से चर्चा कर अपनी मांगों के अंतर्गत संचालित योजनाओं का समेकित प्रस्ताव तैयार करेगा.

केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के लिए SNA-SPARSH मॉडल के तहत उचित बजट शीर्ष खोलने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन और राशि की विमुक्ति प्रभावित न हो.