रायपुर. छत्तीसगढ़ में सड़क और पुल निर्माण से जुड़े 24 कार्यों की निविदाओं को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है. इन परियोजनाओं की कुल लागत 672 करोड़ 22 लाख रुपये है. बरसात खत्म होने के बाद निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है. लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को ठेकेदारों को जल्द कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए हैं.
स्वीकृत कार्यों में सात नई सड़कें, दो पुल एवं पहुंच मार्ग, तीन सड़क उन्नयन तथा 12 सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण परियोजनाएं शामिल हैं. बिलासपुर में अरपा नदी पर लोधीपारा-कोनी मार्ग के लिए उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग बनाने पर 17.63 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. चोरहादेवरी-परसदा मार्ग पर खारून नदी के पुल के लिए 7.68 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं.
राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में आठ किलोमीटर लंबे फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए 46.22 करोड़ रुपये की निविदा स्वीकृत की गई है. दुर्ग के अंजोरा-रसमड़ा मार्ग पर 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क के लिए 28.02 करोड़ रुपये और धमतरी में 3.50 किलोमीटर गौरव पथ के लिए 19.26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. बिलासपुर के झाल-नगपुरा मार्ग के 17.61 किलोमीटर हिस्से के लिए 29.91 करोड़ रुपये का प्रावधान है.
रायगढ़ में दो प्रमुख मार्गों के फोरलेन चौड़ीकरण और विद्युतीकरण पर करीब 107 करोड़ रुपये खर्च होंगे. कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर मार्ग के 36.80 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 85.83 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुसार, बरसात के बाद सभी कार्यों को गति देने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं.
