छत्तीसगढ़ के गठन के 26 साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य की विकास यात्रा और भविष्य की निवेश संभावनाओं को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा राज्यों के सामर्थ्य से आगे बढ़ेगी और छत्तीसगढ़ अपने संसाधनों को आर्थिक अवसरों में बदलने की क्षमता रखता है.
मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में प्रदेश को करीब 8.6 लाख करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धताएं मिली हैं. सरकार का जोर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर पैदा करने पर है. उन्होंने किसानों को समृद्ध बनाने, महिलाओं को सशक्त करने और युवाओं को नए अवसर देने को राज्य के प्रमुख लक्ष्यों में बताया.
आवास और नल-जल योजनाओं की प्रगति
साय ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत करीब 24.50 लाख मकान स्वीकृत किए गए हैं. इनमें से लगभग 20.65 लाख मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है. जल जीवन मिशन के तहत 41 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने का दावा भी उन्होंने किया.
उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण और सौर ऊर्जा योजनाओं को बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में सहायक बताया. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि किसानों को धान के लिए 3,100 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जा रहा है.
साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख किया. उन्होंने सुरक्षा, सुशासन और जनभागीदारी को विकास की आधारशिला बताया.
