छत्तीसगढ़ ने अपने गठन के 26 वर्ष पूरे कर लिए हैं. राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव आयोजित किया जा रहा है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है. इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का गठन छत्तीसगढ़ के लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को नई पहचान देने वाला कदम था. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि उनके संकल्प से पृथक छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ. मुख्यमंत्री ने वर्ष 2047 तक समृद्ध, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का आह्वान किया.
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस बार का आयोजन नक्सलवाद से मुक्ति के बाद शांति, विश्वास और विकास के नए दौर की पृष्ठभूमि में हो रहा है. उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व को दिया.
बस्तर के पर्यटन और रोजगार पर जोर
राज्योत्सव में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ‘बदलता बस्तर-संवरता छत्तीसगढ़’ थीम पर प्रदर्शनी लगाएगा. इसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बढ़ते पर्यटन, महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को प्रदर्शित किया जाएगा.
प्रदर्शनी में सुकमा का तुंगल कैफे, कांगेर घाटी में 35 जिप्सी वाहनों से करीब 200 स्थानीय युवाओं को मिला रोजगार और तुंगल क्षेत्र में नौका विहार व कयाकिंग जैसी गतिविधियों को भी दिखाया जाएगा. स्थानीय युवाओं के प्रकृति मार्गदर्शक के रूप में काम करने की जानकारी भी दी जाएगी.
वन्यजीव संरक्षण के तहत बारनवापारा में काले हिरण की वापसी, औरापानी में गिद्ध संरक्षण, कोपरा जलाशय के संरक्षण और धमतरी के ठेमली द्वीप को इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा. राजकीय पशु वन भैंसा, राजकीय वृक्ष साल, राजकीय पक्षी पहाड़ी मैना और ऑरेंज ओकलीफ तितली की जानकारी भी प्रदर्शनी का हिस्सा होगी.
हवाई प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम
2 नवंबर को सुबह 11 बजे सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम प्रदर्शन करेगी. पांच ध्रुव हेलीकॉप्टरों वाली टीम हवाई संरचनाएं और करतब दिखाएगी.
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया होंगे. 2 नवंबर के कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और 3 नवंबर के समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे. तीनों दिन शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. 1 नवंबर को पलक मुच्छल, 2 नवंबर को स्वस्ति मेहुल और 3 नवंबर को अभिजीत भट्टाचार्य प्रस्तुति देंगे. 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
