छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 3.65 लाख अतिरिक्त आवासों को मंजूरी दी गई है. सक्ती में आयोजित राज्यस्तरीय गृह प्रवेश समारोह में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसकी घोषणा की. समारोह में दो लाख नवनिर्मित ग्रामीण आवासों में गृह प्रवेश कराया गया और लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से नए घरों की चाबियां सौंपी गईं.
चौहान ने सक्ती जिले में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा भी की. इसके अलावा बस्तर संभाग में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सर्वे की समयसीमा 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़ाने की जानकारी दी गई.
राज्य में आवास निर्माण की स्थिति
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, छत्तीसगढ़ में योजना के तहत प्रतिदिन 1,600 से अधिक आवास पूरे किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से ग्रामीण इलाकों में पक्के आवास के साथ सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. उनके अनुसार, सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी थी. पिछले ढाई वर्षों में राज्य में 11.50 लाख से अधिक आवास पूरे किए जा चुके हैं.
मुख्यमंत्री ने बताया कि आवास सर्वे-2011 और आवास प्लस सर्वे के तहत आवासों के लक्ष्य को मंजूरी मिल चुकी है. उन्होंने आवास प्लस-प्लस सर्वे में शामिल शेष पात्र परिवारों के लिए भी आवास स्वीकृत करने का अनुरोध केंद्रीय मंत्री से किया.
समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
