रायपुर. छत्तीसगढ़ में बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों समेत करीब 3,000 किलोमीटर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं. उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री अरुण साव ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सभी खराब सड़कों और पुलों की मरम्मत 15 अक्टूबर तक पूरी करने के निर्देश दिए.

बैठक में साव ने मरम्मत कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई. उन्होंने सभी संभागों को मरम्मत और संधारण के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. साथ ही तत्काल निविदा प्रक्रिया शुरू कर एजेंसी तय करने को कहा.

नए काम 15 अक्टूबर से शुरू करने के निर्देश

अधिकारियों के अनुसार, जिन नए सड़क निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनका काम 15 अक्टूबर से तेज गति से शुरू किया जाएगा. बैठक में यह भी बताया गया कि नई सड़कों के निर्माण की लागत बढ़ने की संभावना है. इसके लिए बजट में प्रावधान किए जाने की जानकारी दी गई.

साव ने निर्देश दिया कि निर्माण और मरम्मत के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो. कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने और पर्याप्त संकेतक लगाने को कहा गया है.

परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत और संधारण संबंधित ठेकेदारों के माध्यम से तेजी से कराने के निर्देश भी दिए गए हैं. कार्यपालन अभियंताओं को अगले दो-तीन दिनों में अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर सड़कों और पुलों की स्थिति का आकलन करना होगा.

इसके अलावा सड़कों, पुलों और डिवाइडरों की मरम्मत, सफाई तथा रंगाई-पुताई सुनिश्चित करने को कहा गया है. कार्यपालन अभियंताओं को सप्ताह में दो-तीन दिन क्षेत्र में रहकर काम की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है.