छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों सहित 38 प्रमुख स्थानों पर सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा के दौरान इसकी घोषणा की. राजधानी के तेलीबांधा चौक को भी इनमें शामिल करते हुए नया स्वरूप देने की बात कही गई है.

मुख्यमंत्री के अनुसार, ये चौक जनसेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के प्रतीक के रूप में विकसित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इन स्थलों से नई पीढ़ी को देश और प्रदेश के विकास में नागरिकों की भागीदारी का संदेश मिलेगा.

कार्यक्रम में साय ने उपस्थित लोगों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं को विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई. इसके बाद उन्होंने जलती मशाल के साथ सेवा ज्योति यात्रा का नेतृत्व किया. यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची.

मुख्यमंत्री ने युवाओं की बाइक रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यात्रा के मार्ग में नागरिकों ने इसका स्वागत किया.

सभा में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक सुनील सोनी समेत कई जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में संवैधानिक पद संभाला था और मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री के रूप में उनके 25 वर्ष पूरे हुए हैं.