छत्तीसगढ़ के तीन जिलों से महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में गन्ना कटाई के लिए ले जाए गए 40 श्रमिकों को प्रशासनिक कार्रवाई के बाद मुक्त कराया गया है. आरोप है कि इन श्रमिकों को करीब डेढ़ महीने तक काम कराने के बावजूद मजदूरी नहीं दी गई और घर लौटने से रोका गया. मुक्त कराए गए लोगों में 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल बताए गए हैं.

मामला सोलापुर के बार्शी ब्लॉक स्थित हलदुगे गांव का है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, श्रमिकों को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की उलखर ग्राम पंचायत से महाराष्ट्र ले जाया गया था. इनमें 35 लोग सारंगढ़-बिलाईगढ़, तीन जांजगीर-चांपा और दो सक्ती जिले के बताए गए हैं. उन्हें पति-पत्नी की एक जोड़ी को गन्ना कटाई के लिए प्रतिदिन 1,200 रुपये मजदूरी मिलने का भरोसा दिया गया था. कुछ रकम अग्रिम देकर उन्हें महाराष्ट्र भेजा गया.

श्रमिकों के मुताबिक, वहां ठेकेदार ऋषि के अधीन उनसे सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक गन्ना काटने और ट्रकों में माल लोड करने का काम कराया जाता था. खाने के लिए दिन में दो बार करीब आधे-आधे घंटे का समय मिलता था. डेढ़ महीने काम कराने के बाद भी उन्हें मजदूरी नहीं दी गई. एक श्रमिक परिवार के सदस्य की मृत्यु होने पर भी किसी को घर जाने की अनुमति नहीं मिलने का आरोप है.

श्रमिकों ने यह भी बताया कि उन्हें पक्के कमरों के बजाय प्लास्टिक की अस्थायी झोपड़ियों में रखा गया था. एक परिवार को करीब एक सप्ताह के राशन के नाम पर 1 किलो आलू, 1 किलो टमाटर और 10 किलो चावल दिए जाते थे. पानी के लिए कुएं का इस्तेमाल करना पड़ता था. आरोप है कि कुआं सूखने के बाद पीने के पानी का संकट और बढ़ गया.

बंधक बनाए गए श्रमिक श्यामलाल गोड ने कथित तौर पर अपने भाई के जरिए गांव में सूचना पहुंचाई. इसके बाद प्रशासन से शिकायत की गई. छत्तीसगढ़ की टीम महाराष्ट्र पहुंची और सोलापुर जिला प्रशासन के साथ कार्रवाई की. जिला श्रम अधिकारी घनश्याम पाणिग्रही के अनुसार, संयुक्त टीम ने श्रमिकों को मुक्त कराया है. उन्हें बंधक श्रम पुनर्वास कानून के तहत सहायता देने और श्रमिकों को अनधिकृत रूप से ले जाने वाले दलालों पर अंतरराज्यीय प्रवासी श्रमिक कानून के तहत कार्रवाई करने की बात कही गई है.

प्रशासन के अनुसार, श्रमिकों को दूसरे राज्य ले जाने से पहले ग्राम पंचायत और श्रम विभाग में पंजीयन आवश्यक है, लेकिन उलखर से ले जाए गए श्रमिकों का रिकॉर्ड दर्ज नहीं था. मामले में बंधुआ मजदूरी से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग उठ रही है.